रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी भाजपा के अध्यक्ष पद से मुक्त होने के बाद पूरे फुरसत में हैं। चाहे झारखंड के मुख्यमंत्री ही क्यों न हों, कोई ना कोई रोज उनके निशाने पर जरूर रहता है। अभी पिछले दिनों बच्चों की बरामदगी के बाद बजरंगियों को क्रेडिट नहीं दिए जाने को लेकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की थी, तो कल ही उन्होंने अल्पा साह को लेकर बयान दिया था कि क्या मुख्यमंत्री को ऐसी महिला से मिलना शोभा देता है। आज फिर हेमंत सोरेन के दावोस यात्रा को लेकर बयान दे मारा है कि हेमंत सोरेन झारखंड नहीं संभाल पा रहे हैं और विदेश गए हैं पूंजीपतियों को रिझाने।  

बाबूलाल मरांडी अगर इसी तरह बयानबाजज़ी करते रहे तो महीने के 30 बयान तो उनके पक्के हैं। इस बार उन्होंने यह भी कह दिया है कि जनता के पैसों से विदेश यात्रा भले कर लीजिए लेकिन झारखंड में जंगलराज अब सतह पर आ चुका है। ट्वीट किए गए अपने इन बयानों के साथ मरांडी ने एक विडिओ भी जारी किया है जिसमें हजारीबाग के बड़कागांव प्रखण्ड के गोंदुलपारा खनन परियोजना को लेकर एक जनसुनवाई के दौरान महिलाओं पर लाठियां बरसाई गईं हैं। उनका एक तंज और है कि जब झारखंड में महिलाओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं,वे झारखंड की बाल और महिला कल्याण मंत्री और अपने वरीय प्रतिनिधि मण्डल के साथ स्विट्जरलैंड में विदेशी निवेश की संभावनाएं तलाश रहे हैं।

      झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों पहले आदिवासी नेता के रूप में वर्ल्ड एकोनॉमिक फोरम में भाग लेने गए हैं जहां उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें व्हाइट बैज सम्मान से सम्मानित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *