राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीडीसी ने सभी को दिलाई मतदाता प्रतिज्ञा
बोकारो : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 का आयोजन जिले में गुरुवार को किया गया। आगामी 25 जनवरी (रविवार) एवं सरस्वती पूजा के अवसर को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन पूर्व निर्धारित तिथि से पूर्व में संपन्न कराया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम मेरा भारत मेरा वोट (माय इंडिया माय वोट) रही, जबकि इसकी टैगलाइन इंडियन सिटीजन एट द हार्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी निर्धारित की गई।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने की। इस अवसर पर डीपीएलआर श्रीमती मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेम चंद सिन्हा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती शालिनी खालखो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी श्रीमती एन. एस. कुजूर, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं नागरिकों को मतदान के लिए मतदाता प्रतिज्ञा दिलाई। इस दौरान सभी ने यह शपथ ली कि हम भारत के नागरिक के रूप में लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर, बिना किसी धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रकार के
प्रलोभन से प्रभावित हुए, सभी निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसका उपस्थित सभी ने दोहराव किया।
अपने संबोधन में डीडीसी ने कहा कि आम निर्वाचन 2024 के दौरान निर्वाची पदाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया के महत्व और राष्ट्रीय मतदाता दिवस की प्रासंगिकता को गहराई से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में निर्वाचन महापर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराना एक बड़ी चुनौती है, जिसे पूरी इलेक्शन मशीनरी के समेकित प्रयास से त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए वर्तमान मतदाताओं के साथ-साथ भावी मतदाताओं को भी अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करना चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता (एसी) मो. मुमताज अंसारी ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करते ही प्रत्येक नागरिक मतदान के लिए पात्र हो जाता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) तैनात रहते हैं, जिनके सहयोग के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी होते हैं। उन्होंने सभी योग्य नागरिकों से फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की।
मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रेम चंद सिन्हा ने कहा कि जिस प्रकार व्यस्क होने पर हम अपने जीवन और करियर के लिए योजना बनाते हैं, उसी प्रकार अपने संवैधानिक अधिकार – मतदान – के प्रयोग के लिए भी सजग और योजनाबद्ध होना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के इतिहास, इसकी शुरुआत एवं उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि अपने मताधिकार के प्रयोग से ही लोकतंत्र को मजबूत और सशक्त बनाया जा सकता है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले 13 बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को शाल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त जिले के सभी निर्वाची क्षेत्रों में कार्यरत डाटा इंट्री ऑपरेटर, हेल्प डेस्क मैनेजर तथा पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, नये मतदाताओं के बीच सांकेतिक रूप से ईपिक कार्ड का वितरण किया गया।
जिले के सभी अनुमंडलों में निर्वाची पदाधिकारियों तथा प्रखंड सह अंचल स्तर पर सहायक निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया तथा आम मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए मतदाता शपथ दिलाई गई।