#president of india - #tour of president of india - #jamshedpur tour of president of india- #jamshedpur news-

जमशेदपुर : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु  26 फरवरी 2026 को स्टील सिटी जमशेदपुर के दौरे पर रहेंगी। महामहिम के इस दौरे को लेकर लौहनगरी में उत्साह का माहौल है और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति दो प्रमुख आयोजनों में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति कदमा स्थित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र ट्रस्ट के भूमि पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके उपरांत, उनका मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भी सम्मिलित होने का प्रस्ताव है।

राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने जमशेदपुर में डेरा डाल दिया है। अपर पुलिस महानिदेशक (CID) मनोज कौशिक और ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के साथ कार्यक्रम स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। यातायात प्रबंधन, निर्बाध बिजली आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा और पेयजल जैसी सुविधाओं का जायजा लिया गया।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक की। सभी विभागों को उनकी भूमिका सौंप दी गई है और निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया है।

 पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि रूट लाइनिंग से लेकर कार्यक्रम स्थल तक ‘जीरो एरर’  की नीति अपनाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *