उपायुक्त ने अवैध पार्किंग को दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी जड़ बताते हुए कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ट्रक और टेलर यमराज को न्योता देते हैं। पेटरवार चौक–जोधाडीह मोड़ तथा बालीडीह–जैनामोड़ जैसे संवेदनशील इलाकों पर अब प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। जोधाडीह से आईटीआर्ई मोड़ तक नेशनल हाइवे पर ट्रकों और टेलर की पार्किंग पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टरों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वाले चालकों और ट्रांसपोर्टरों के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने दो टूक कहा – नियम तोड़ने वालों में पुलिस-प्रशासन का खौफ दिखना चाहिए, तभी अनुशासन स्थापित होगा।