मेदिनीनगर,पलामू । सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत मेदिनीनगर स्थित पुलिस लाइन स्टेडियम में फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल को किक मारकर किया। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला बिरसानगर पलामू और सालोटांड गढ़वा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें बिरसानगर पलामू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-0 से जीत दर्ज की। बिरसानगर की ओर से जर्सी नंबर-2 जीवानी सुरीन और जर्सी नंबर-10 नमिता टोप्पो ने दो-दो गोल दागे। पुरुष वर्ग में उलडंडा पलामू और बड़गढ़ गढ़वा के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में उलडंडा पलामू की टीम ने 4-0 से जीत हासिल की। उलडंडा की ओर से जर्सी नंबर-12 विज्ञान सिंह और जर्सी नंबर-6 गोविंद सिंह ने दो-दो गोल कर टीम को विजय दिलाई। मैच का सफल संचालन रेफरी, लाइनमैन, स्कोरर और टेक्निकल टीम के रूप में प्रसेनजीत दास गुप्ता, कौशल कुमार, स्वराज सिंह, मो. इदरीश, जेम्स वारा, सत्यनारायण राम, विश्वजीत रावत एवं राधिका सिंह ने किया। फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण डी.डी. झारखंड और डी.डी. स्पोर्ट्स पर किया गया, जहां कमेंटेटर सनत चटर्जी ने आंखों देखा हाल सुनाया। मुख्य मंच से सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने कहा कि खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए टेक्निकल टीम, मेडिकल टीम और दर्शकों को बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, प्रथम महापौर अरुणा शंकर सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *