नावा बाजार पलामू। कंडा पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए पंचायत क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। बुधवार को कंडा पंचायत सचिवालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग लोगों को प्राथमिकता के आधार पर कंबल उपलब्ध कराए गए। खास बात यह रही कि यह पूरा वितरण कार्यक्रम मुखिया नरेंद्र सिंह द्वारा अपने निजी खर्च से किया गया, जिससे गरीब और असहाय लोगों को ठंड के मौसम में राहत मिल सके। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पंचायतवासी और लाभुक मौजूद रहे। कंबल पाकर लाभुकों के चेहरे पर राहत और संतोष झलकता नजर आया। लाभुकों ने मुखिया के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में कंबल जैसी मदद उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि यदि इस तरह संवेदनशील होकर आगे आएं तो समाज के कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिलती है। मौके पर उपस्थित लोगों ने भी मुखिया नरेंद्र सिंह की इस पहल को अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि निजी खर्च से जरूरतमंदों की मदद करना सच्ची जनसेवा का उदाहरण है। ऐसे कार्य समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।