ताड़ी दुकान विवाद में बवाल
बोकारो: बोकारो के पूपुनकी आश्रम क्षेत्र में धार्मिक आयोजन की फोर्स प्रतिनियुक्ति के बाद लौट रहे चास मुफ्फसिल थाना प्रभारी पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। ताड़ी दुकान बंद कराने को लेकर हुए विवाद के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने पिस्टल कॉक कर आत्मरक्षा की, जिसके बाद पथराव हुआ। सात थानों की पुलिस तैनात कर इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है।
चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने पुपुनकी की घटना पर जानकारी देते हुए बताया कि कुछ लोग नशे की हालत में पुपुनकी जाने वाले फोरलेन पर हंगामा कर रहे थे और वाहनों को रोक रहे थे। पुलिस ने जब उन्हें समझने की कोशिश की तो उन लोगों ने पथराव कर दिया। हमारे एक दो पुलिस कर्मी घायल भी हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। फिर अगल बगल के थानों से पुलिस बुलाकर स्थिति पर नियंत्रण किया गया। अभी हालात ठीक हैं।