बोकारो: सेक्टर-9/A स्ट्रीट-5 के बीएसएल क्वार्टर के एक आउट हाउस से किराये पर रह रहे दंपति और
उनके दो वर्षी य मासूम बच्चे का शव कमरे से बरामद हुआ है जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि भारी कर्ज के दबाव में दंपती ने पहले अपने बच्चे की हत्या की और फिर खुद आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान कुंदन तिवारी, उनकी पत्नी रेखा और दो वर्षीय पुत्र श्रेयांश के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार की शाम आउट हाउस से तीनों शव बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपति ने पहले बच्चे श्रेयांश को तकिये से दबाकर मार डाला, इसके बाद पति-पत्नी ने रस्सी का फंदा बना कर खुद को फांसी लगा ली। पुलिस कहना है प्रथमद्रष्टया तो यह आत्महत्या का मामला लगता है लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक कुंदन तिवारी मूल रूप से बिहार के बांका जिले का रहने वाला था, जबकि उनकी पत्नी रेखा कुमारी
का मायका बोकारो के तुपकाडीह में है। जानकारी के अनुसार दोनों ने प्रेम विवाह किया था और पिछले कुछ
समय से सेक्टर-9/A स्थित आउट हाउस में किराए पर रह रहे थे।
एक अन्य जानकारी के अनुसार रेखा के माता-पिता भी हाल ही में सेक्टर-9 में पास ही एक क्वार्टर लेकर रहने लगे थे। संभवतः यह भी कोई कारण हो, ऐसी अटकलें लगाई जा रही है।
पुलिस को जांच में यह भी जानकारी मिली है कि परिवार पर काफी कर्ज था और आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा था। संभव है कि इसी मानसिक तनाव के चलते दंपति ने यह कदम उठाया हो।
पुलिस तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर मामले की सभी पहलूओं की जांच कर रही है ।