मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विदेश दौरे की तैयारियों की समीक्षा बैठक की
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में 18 से 26 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित दावोस और यूनाइटेड किंगडम लंदन दौरे की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में दौरे से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई । अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके नेतृत्व में झारखंड का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में हिस्सा लेगा। यह पहला मौका होगा जब झारखंड का प्रतिनिधिमंडल इस वैश्विक मंच पर भाग लेगा, जिसे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
दावोस में झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक ढांचा, सतत विकास मॉडल, पर्यटन क्षमता और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों और उद्योगपतियों के सामने प्रस्तुत किया जायेगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल लंदन जायेगा, जहां निवेश, शैक्षणिक और संस्थागत सहयोग के साथ-साथ प्रवासी भारतीय समुदाय से संवाद प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने और रोजगार के नये अवसर सृजित करने की दिशा में बेहद अहम है। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समन्वित और प्रभावी ढंग से पूरी करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दावोस और यूके का यह दौरा झारखंड के औद्योगिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन) वंदना दादेल, मंत्रिमंडल सचिव प्रशांत कुमार, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण सचिव कृपानंद झा, उद्योग सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन सचिव मनोज कुमार, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, निदेशक (खान एवं भू-तत्व) राहुल सिन्हा, प्रबंध निदेशक, जियाडा वरुण रंजन, निदेशक उद्योग विशाल सागर, निदेशक आईपीआरडी राजीव लोचन बक्शी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।