बोकारो: भारत सरकार ने 25 लाख अतिरिक्त मुफ्त प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत एलपीजी कनेक्शन देने की मंजूरी दे दी है। इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती ईंधन देने का प्रयास जो भारत सरकार की है इसे और किफायती करता है। उक्त बात की जानकारी मुख्य महाप्रबंधक सह राज्य प्रमुख इंडियन इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड सौरभ चंद्रा ने बोकारो परिसदन के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई, 2016 को की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य देश भर के गरीब परिवारों की वयस्क महिलाओं को जमा-मुक्त एलपीजी कनेक्शन प्रदान करना था। इसके तहत अब तक, इस योजना के तहत 10.33 करोड़ एलपीजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। साथ ही इस विस्तार से महिला सशक्तिकरण, बेहतर स्वास्थ्य परिणामों और एलपीजी तक पहुंच के माध्यम से घरेलू परिश्रम को कम करने का सरकार के दृष्टिकोण को और मजबूती मिली है।
मुख्य महाप्रबंधक सह राज्य प्रमुख इंडियन इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड सौरभ चंद्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना PMUY ने 10 करोड़ से अधिक परिवारों में बदलाव लाया है, जिससे उन्हें स्वच्छ खाना पकाने के विकल्प मिले हैं और घरेलू वायु प्रदूषण के जोखिम में कमी आई है। उन्होंने आगे बताया कि PMUY लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन मिलेगा, जिसमें जमा-मुक्त सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर, सुरक्षा होस, डीजीसीसी (घरेलू गैस उपभोक्ता कार्ड) और प्रशासनिक शुल्क शामिल हैं। साथ ही लाभार्थियों के बीच एलपीजी की खपत लगातार बढ़ रही है वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह 4.47 रिफिल प्रति वर्ष है, जो वित्तीय वर्ष 2019-20 में 3.01 थी। इसके अलावा, तेल विपणन कंपनियां (OMCs) इस विस्तार के तहत नामांकित होने वाले सभी लाभार्थियों को एलपीजी स्टोव और पहली रिफिल मुफ्त प्रदान करेंगी।
गरीब परिवारों की वे वयस्क महिलाएं, जिनके परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर (परिवार संरचना रिकॉर्ड के अनुसार) कोई मौजूदा एलपीजी कनेक्शन नहीं है एवं पात्रता ‘वंचना घोषणा’ पर आधारित है, जिसे बाद में जिला उज्ज्वला समिति (DUC) द्वारा सत्यापित किया जाता है, के लोग लाभुक हो सकते है।
इसके लिए केवाईसी (KYC) आवेदन पत्र (सभी एलपीजी वितरकों के पास उपलब्ध) पासपोर्ट आकार का फोटो के साथ, पते का प्रमाण पत्र, राशन कार्ड या राज्य सरकार द्वारा जारी कोई अन्य दस्तावेज, आधार नंबर एवं सदस्यों का आधार नंबर सहित बैंक खाता का डिटेल एवं घोषणा पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।
इसके लिए आवेदन किसी भी एलपीजी वितरक (LPG Distributorship) पर जाएं या pmuy.gov.in पर ऑनलाइन एवं अपने नजदीकी सामान्य सेवा केंद्र (CSC) के माध्यम से किया जा सकता है।
PMUY के लाभार्थी अपनी आवश्यकता के अनुसार 14.2 किग्रा सिंगल सिलिंडर, 5 किग्रा सिंगल बोतल, या 5 किग्रा डबल सिलिंडर कनेक्शन का विकल्प चुन सकते हैं। PMUY के तहत आवेदन करने के लिए किसी का भी जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। साथ ही कनेक्शन के लिए आवेदन करने हेतु बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य है।
मौके पर महाप्रबंधक (सीसी, पी एवं समन्वय) इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (वि. प्र.) बिहार श्रीमती बीना कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।