बोकारो : बोकारो जिला अंतर्गत जिला अनुकंपा समिति की बैठक गुरुवार को गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने की। बैठक में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित कुल 05 मामलों पर सुनवाई की गई।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी मामलों की क्रमवार समीक्षा की। समिति के समक्ष शिक्षा विभाग का 01, गृह कारा विभाग का 01, जैप 04 विभाग का 01, सैप का 01 एवं सामान्य शाखा का 01 मामला शामिल था।
उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं नियमानुसार समयबद्ध पूर्ण करने को कहा। कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य संकटग्रस्त परिवारों को शीघ्र राहत प्रदान करना है, इसलिए इसमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
बैठक के दौरान क्रमवार आवेदकों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने गृह कारा विभाग के मामले में राज्य से मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए पत्राचार करने का जिला स्थापना उप समाहर्ता प्रेम चंद सिन्हा को निर्देश दिया। वहीं, शेष अन्य 04 मामलों में अर्हता पूर्ण करने वाले आवेदकों की नियुक्ति के लिए अनुशंसा किया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास सुश्री प्रांजल ढांडा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।