
बोकारो: बोकारो नगरपालिका के आम निर्वाचन 2026 में नामांकन के पहले दिन ही सरगर्मी दिखी।
अपना मेयर और पार्षद चुनने की प्रक्रिया के प्रारंभ में गुरुवार से ही लोगों के बीच बहस की शुरुआत देखी जाने लगी। बहसों ने यह तो जरूर साफ कर दिया है कि इस बार मुकाबला बेहद रोचक और रोमांचक होने वाला है। चास से लेकर फुसरो तक, प्रशासनिक दफ्तरों और चौक चौराहों पर दावेदार और समर्थक के चेहरे दिखने लगे हैं। पहले ही दिन जिले के चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद में कुल 198 प्रत्याशियों ने नामांकन प्रपत्र खरीदकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं।
चास नगर निगम के महापौर पद के लिए पहले ही दिन कुल 16 दिग्गजों ने प्रपत्र खरीदे, जिनमें राजकुमार, प्रदीप बर्मन, विनोद कुमार, अमर कुमार चौरसिया, प्रिया चौरसिया, सुनील कुमार महतो, मंजूर अंसारी, विकास कुमार पांडेय, उमेश ठाकुर, सावित्री देवी, अनिल कुमार वर्मा , गजेंद्र प्रसाद हिमांशु, अरविंद कुमार, निधि कुमारी आदि शामिल हैं। वार्ड पार्षद की रेस में शामिल होने के लिए 116 अभ्यर्थियों ने पर्चे खरीदे, जिससे चास के सभी 35 वार्डों में चुनावी लहर की शुरुआत हो चुकी है।
नगर परिषद फुसरो में भी चुनावी पारा चढ़ने लगा है, जहां अध्यक्ष पद के लिए 02 और वार्ड पार्षद के लिए 64 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में उतरने की शुरुआत कर दी है।
प्रशासनिक स्तर पर चास एसडीओ कार्यालय और बेरमो बीडीओ कार्यालय परिसर में मुख्य द्वारों पर की गई बैरिकेडिंग और पुलिस बल की सघन चेकिंग के बीच केवल प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई, जिससे सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे। चास एसडीओ कार्यालय में अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग वार्डों के लिए विशिष्ट कक्षों का आवंटन किया है। जहां महापौर के लिए कमरा संख्या 12 को केंद्र बनाया गया है, वहीं वार्डों के समूह के अनुसार कमरा संख्या 5ए, 5बी, 5सी, 14 और 30 में निर्वाचन अधिकारियों की टीम तैनात रही। 04 फर वरी तक चलने वाली इस नामांकन प्रक्रिया में अभी और भी बहुत कुछ देखने को मिलने वाला है। जिला प्रशासन ने चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दुहराई है।