chas municipal news- chas news- bokaro news- vote your candidate-

चास और फुसरो में बढ़ी चुनावी सरगर्मी; चास नगर निगम के वार्ड 22 से पहला नामांकन दाखिल

बोकारो : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर जिले में चुनावी पारा चढ़ने लगा है। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शुक्रवार को चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद कार्यालयों में संभावित उम्मीदवारों और उनके समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। दिनभर चली गहमागहमी के बीच कुल 140 प्रत्याशियों ने नामांकन प्रपत्रों की खरीदारी की, जबकि चास में एक उम्मीदवार ने अपना पर्चा दाखिल कर चुनावी रण का शंखनाद भी कर दिया है।

चास नगर निगम: मेयर पद के लिए मची होड़

चास नगर निगम में मुख्य आकर्षण महापौर (मेयर) की कुर्सी बनी हुई है। दूसरे दिन मेयर पद के लिए 20 संभावित उम्मीदवारों ने फॉर्म खरीदे। वहीं, वार्ड पार्षद पद के लिए भी खासी दिलचस्पी देखी गई, जहाँ कुल 65 दावेदारों ने नामांकन प्रपत्र लिए।

प्रपत्रों की बिक्री के बीच चास नगर निगम के वार्ड संख्या 22 से संगीता कुमारी  ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दो सेट में अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इसके साथ ही जिले में नामांकन दाखिल करने की औपचारिक शुरुआत हो गई है।

फुसरो नगर परिषद: अध्यक्ष पद के लिए 6 दावेदार

फुसरो नगर परिषद में भी चुनावी माहौल पूरी तरह रंग चुका है। यहाँ दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए06 और वार्ड पार्षद पद के लिए49 उम्मीदवारों ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। नामांकन केंद्रों पर समर्थकों की भीड़ के कारण सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए।

प्रशासन की तैयारी: 500 वाहनों का बेड़ा और दिव्यांगों के लिए ई-रिक्शा

शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। चुनाव ड्यूटी और लॉजिस्टिक्स के लिए लगभग 500 वाहनों का उपयोग किया जाएगा। वाहन कोषांग की योजना के अनुसार 150 बसें और 225 चार पहिया वाहन तैनात किए जाएंगे।  दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए प्रशासन ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई है। उन्हें बूथ तक लाने-ले जाने के लिए 60 से अधिक  ई-रिक्शा की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *