पूर्व विधायक संजीव सिंहके धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए नामांकन के पूर्व हुआ है हमला
धनबाद : कोयलांचल की राजनीति का केंद्र कहे जाने वाले ‘सिंह मेंशन’ पर रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने बम से हमला कर सनसनी फैला दी। झरिया विधायक रागिनी सिंह के सरायढेला स्थित आवास पर हुए इस हमले ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह दुस्साहसिक वारदात रविवार रात करीब 11:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश सिंह मेंशन के बाहर पहुंचे और एक के बाद एक दो बम फेंके।
पहला धमाका: अपराधियों ने पहला बम चहारदीवारी के अंदर उस हिस्से में फेंका, जहां अक्सर विधायक रागिनी सिंह और उनके परिजन बैठते हैं। गनीमत रही कि रात अधिक होने के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दूसरा धमाका: दूसरा बम अपराधियों ने फिर से अंदर फेंकने की कोशिश की, लेकिन वह मुख्य द्वार के पास ही फट गया।
धमाकों की गूँज इतनी तेज थी कि पूरा सरायढेला इलाका दहल उठा। घटना के वक्त विधायक रागिनी सिंह और उनके पति, पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत पूरा परिवार घर के भीतर ही मौजूद था।
धमाकों की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद धनबाद के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक संजीव सिंह धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए आगामी मंगलवार को नामांकन दाखिल करने वाले हैं। चुनाव की तैयारियों के बीच हुए इस हमले को स्थानीय लोग और समर्थक गहरी साजिश के तौर पर देख रहे हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए सिंह मेंशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस हर संभावित कोण से मामले की जांच कर रही है। पुलिस इस मामले में पुरानी रंजिश और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की संभावना पर भी गौर कर रही है।