धनबाद : धनबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ कर्ज के दलदल में फंसे एक व्यक्ति ने लोन रिकवरी एजेंट की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
बाबूडीह खटाल निवासी अमित कुमार अग्रवाल, जो पीएनबी बैंक के लिए लोन रिकवरी एजेंट का काम करते थे, शनिवार सुबह घर से निकले थे। दोपहर तक घर न लौटने और मोबाइल पर 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग आने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। अपराधियों ने पैसे न देने पर अमित को जान से मारने की धमकी दी थी।
धनबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर सूर्य हाईलैंड सोसाइटी में छापेमारी की। वहाँ से विकास खंडेलवाल नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में जो खुलासा हुआ वह चौंकाने वाला था:
विकास ने बैंक से करीब 1 करोड़ रुपये का लोन लिया था, जो एनपीए हो चुका था। अमित अग्रवाल इस लोन के सेटलमेंट के लिए विकास पर दबाव बना रहे थे, जिससे नाराज होकर विकास ने हत्या की साजिश रची। पुलिस ने विकास की निशानदेही पर उसके घर से ही अमित का शव बरामद किया।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है कि क्या इस हत्याकांड में और भी लोग शामिल थे। अमित के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) भेज दिया गया है।