बोकारो में ब्लैक फिल्म वाली गाड़ियों की अब खैर नहीं; एसपी हरविंदर सिंह ने दिए ‘ऑन द स्पॉट‘ एक्शन के आदेश
बोकारो : बोकारो पुलिस अब सड़कों पर दौड़ती काली फिल्म (Black Film) वाली गाड़ियों और सोशल मीडिया पर उड़ती बच्चा चोरी की अफवाहों के खिलाफ ‘फुल एक्शन मोड’ में है। बुधवार को एसपी कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी हरविंदर सिंह ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए।
इस उच्चस्तरीय बैठक में एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधी अपनी पहचान छिपाने और वारदातों को अंजाम देने के लिए अक्सर काले शीशों वाली गाड़ियों का सहारा लेते हैं। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाएं। काली फिल्म लगी गाड़ियां दिखने पर उन्हें मौके पर ही हटवाया जाएगा और मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत भारी जुर्माना वसूला जाएगा।
एसपी ने आम नागरिकों से भी कानून का पालन करने और अपनी निजी गाड़ियों से ब्लैक फिल्म हटाने का आग्रह किया है।
जिले में हाल के दिनों में ‘बच्चा चोरी’ की झूठी खबरों से उपजे तनाव को देखते हुए पुलिस ने रणनीति बदली है। सोशल मीडिया और मोहल्लों में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उन पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस जनता के बीच जाकर यह संदेश देगी कि वे किसी भी संदिग्ध बात पर कानून हाथ में न लें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें।
बैठक में अपराधमुक्त बोकारो के लिए केवल नए अपराधों पर ही नहीं, बल्कि पुराने मामलों के निपटारे पर भी बात हुई। जनवरी माह की समीक्षा करते हुए लंबित वारंटों के निष्पादन और फरार अपराधियों की कुर्की में तेजी लाने को कहा गया है। महिलाओं से संबंधित हत्या या उत्पीड़न के मामलों की फाइलें दोबारा खंगाली गईं और उनका ‘स्पीडी ट्रायल’ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस बैठक में सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद थे।