

बोकारो : बोकारो के अति नक्सल प्रभावित रहे ऊपरघाट क्षेत्र में ‘खाकी’ और ‘जनता’ के बीच की दूरियां खेल के मैदान पर सिमटती नजर आईं। नावाडीह प्रखंड के पिलपिलो स्थित तारकेश्वर महतो स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय ‘पुलिस-पब्लिक मैत्री सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता’ का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में सारूबेड़ा की टीम ने शाहाबेरिया को हराकर खिताबी जीत दर्ज की।
समारोह के दौरान आतिशबाजी और उत्साह के बीच विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। सारूबेड़ा की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी सन्नाटा रहता था, वहां आज पुलिस और जनता एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले रहे हैं। यह क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलाव का सबसे बड़ा प्रमाण है।


समापन समारोह में ग्रामीणों की मांग पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने तत्काल बड़ा फैसला लिया। स्टेडियम में प्रकाश की व्यवस्था के लिए डीसी ने एसडीओ बेरमो को तुरंत प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया ताकि जल्द ही यहां सोलर लाइट लगाई जा सके। डीसी ने कहा कि खेल में भागीदारी ही सबसे बड़ी जीत है। ऐसे खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ समाज और पुलिस के रिश्तों को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और टीम भावना बनाए रखने की अपील की।
प्रतियोगिता केवल खेल तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने सामाजिक सरोकार की भी मिसाल पेश की। सीआरपीएफ 154 बटालियन द्वारा लगाए गए मेडिकल कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई और मुफ्त दवाइयां प्राप्त कीं।
उपायुक्त ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि प्रशासन प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को ‘हम आपकी सुनते हैं’ कार्यक्रम के अंतर्गतजनसुनवाई कर रहा है और शनिवार को अधिकारी खुद पंचायतों का भ्रमण कर रहे हैं ताकि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इस अवसर पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, सीआरपीएफ कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी, सेकेंड इन कमांड अभिनव आनंद, एसडीपीओ बेरमो बी.एन. सिंह और बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम, पुलिस निरीक्षक बेरमो, सर्जेंट मेजर सहित कई थानों के प्रभारी और हजारों की संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।