जयपुर : पिंक सिटी कहे जाने वाले जयपुर के सांगानेर इलाके में एक ऐसी अनूठी चोरी हुई है, जिसने पुलिस की तफ्तीश में भी रोमांच भर दिया है। यह मामला महज एक बाइक चोरी का नहीं, बल्कि चोर के अजीबोगरीब ‘स्टाइल’ का है, जिसने वारदात से पहले समोसे का लुत्फ उठाया और वारदात के बाद ईश्वर का शुक्रिया अदा किया।

सीसीटीवी फुटेज में कैद यह घटना किसी को भी हैरान कर सकती है। आरोपी गोशाला रोड पर एक शोरूम के बाहर पहुंचा, लेकिन उसके हाथ में मास्टर चाबी नहीं बल्कि गरमा-गरम समोसा था। चोर ने करीब 4 मिनट तक बड़े ही आराम से समोसा खाया। पुलिस का मानना है कि यह उसका ‘रैकी’ करने का तरीका था ताकि वह आसपास के माहौल और लोगों की आवाजाही को भांप सके। समोसा खत्म करते ही उसकी नजरें शिकार पर टिक गईं और उसने मौका मिलते ही बाइक का लॉक तोड़ दिया।

बाइक स्टार्ट करने के बाद चोर ने जो हरकत की, वह सबसे ज्यादा चौंकाने वाली थी। रफूचक्कर होने से ठीक पहले चोर ने एक पल के लिए रुककर अपना सिर आसमान की तरफ उठाया, मानो वह इस ‘सफलता’ के लिए भगवान को धन्यवाद दे रहा हो। इसके बाद वह बाइक लेकर तेज रफ़्तार से गलियों में ओझल हो गया।

फागी निवासी हेनी मधानी, जो एक बैंक के लिए मोबाइल फाइनेंस का काम करते हैं, अपने निजी सामान की खरीदारी के लिए शोरूम गए थे। जब वे बाहर निकले, तो अपनी बाइक न पाकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत सांगानेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

सांगानेर पुलिस के पास अब इस ‘चटोरे’ चोर के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं। कैमरे में चोर का चेहरा और समोसा खाने से लेकर भगवान को याद करने तक की पूरी ‘स्क्रिप्ट’ कैद हो गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुलिए का मिलान कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *