नकली शराब का काला कारोबार बेनकाब: पेटरवार पुलिस ने जब्त की 107 पेटी विदेशी शराब
बोकारो : बोकारो पुलिस ने अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ एक और बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। पेटरवार थाना क्षेत्र के सुइयाडीह (पिछरी दक्षिणी पंचायत) में संचालित एक विशाल अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। सोमवार को बेरमो एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने इस पूरी कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि जब्त सामान की कीमत बाजार में लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी बोकारो के गुप्त निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब सुइयाडीह में दबिश दी, तो पुलिस को देखकर कारोबारी जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले। मौके पर भारी मात्रा में नामी ब्रांडों की बोतलों में भरी अवैध शराब और इसे बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
मौके पररॉयल स्टैग, ओल्ड मंक, ऑफिसर चॉइस और इंपीरियल ब्लू जैसे ब्रांडों के रैपर और बोतलें बरामद हुईं। 5 बड़े ड्रमों और 6 जारों में भरा भारी मात्रा में स्पिरिट मिला, जिससे हजारों लीटर शराब तैयार की जानी थी। साथ ही विभिन्न कंपनियों के ढक्कन (कैप), लेबल, कलर और पानी के जार भी जब्त किए गए।
पुलिस ने इस मामले में संलिप्त मुख्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है जिसमें करमचन्द बास्के (सुईयाडीह, पिछरी), बैजुन मांझी (कानीडीह, पेटरवार), बिनोद साव (कुण्डौरी, बालीडीह), संजय साव (कुम्हारडीह, जरीडीह) और पवन नायक (अंगवाली, पेटरवार) शामिल है।
जब्त सामानों में आइकॉनिक व्हिस्की 32 पेटी, ऑफिसर चॉइस 30 पेटी, ओल्ड मंक 18 पेटी, रॉयल स्टैग 13 पेटी, स्टर्लिंग रिजर्व 10 पेटी, स्पिरिट (कच्चा माल) 5 बड़े ड्रम और एक 210 लीटर जार के साथ ही पैकेजिंग सामान 4 बोरा कैप, भारी मात्रा में रैपर और कलर आदि शामिल हैं। इस सबसे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि ब्रांडेड बोतलों में ‘जहरीली’ शराब भरी जा रही थी। स्पिरिट से बनायी जा रही थी रॉयल स्टैग और ओल्ड मंक।