ग्रेटर नोएडा : पाकिस्तान से आकर भारत में बसने वाली सीमा हैदर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में रहने वाली सीमा ने मंगलवार को एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। यह सचिन मीणा के साथ उनकी दूसरी संतान है, जबकि कुल मिलाकर सीमा अब छह बच्चों की मां बन गई हैं।

रबूपुरा के एक निजी अस्पताल में सीमा ने बेटे को जन्म दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, यह एक नॉर्मल डिलीवरी थी और मां-बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। सीमा ने सिर्फ 11 महीने पहले एक बेटी को जन्म दिया था। अब एक साल के भीतर ही बेटे के आगमन से सचिन मीणा के परिवार में जश्न का माहौल है। स्वास्थ्य ठीक होने के कारण देर शाम ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया, जिसके बाद पड़ोसियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।

सीमा हैदर के बच्चों की कुल संख्या अब छह हो गई है। पाकिस्तान में रहने वाले अपने पहले पति गुलाम हैदर से सीमा के चार बच्चे हैं, जो उनके साथ ही भारत आए थे। सचिन मीणा के साथ शादी के बाद अब उनकी एक बेटी और एक बेटा है।

सीमा और सचिन की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है। साल 2014 में पहली शादी के बाद सीमा के पति विदेश चले गए थे। इसी अकेलेपन के बीच PUBG खेलते समय उनकी मुलाकात सचिन से हुई। मार्च 2023 में दोनों पहली बार नेपाल में मिले और वहीं शादी का फैसला किया। इसके बाद मई 2023 में सीमा अपने चार बच्चों के साथ अवैध तरीके से नेपाल बॉर्डर पार कर भारत पहुंच गईं। वर्तमान में यह जोड़ा सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी सक्रिय है, जहां उनके वीडियो को लाखों लोग देखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *