#nagar nikay elections # chas nagar nigam election #phusro nagar parishad election #bokaro dc press conference on nikay election

चास में 49.76% और फुसरो में 58.37% वोटिंग

चास और फुसरो निकाय चुनाव में 179 महिला उम्मीदवारों ने आजमाई किस्मत

बोकारो:  सोमवार को जिले के दो प्रमुख नगर निकायों, चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। समाहरणालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने विस्तृत आंकड़े साझा करते हुए इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सफलता की जानकारी दी।

इस चुनाव में महिला उम्मीदवारों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। चास में पार्षद पद के लिए 112 महिला प्रत्याशी और फुसरो में 67 महिला प्रत्याशी मैदान में रहीं, जो स्थानीय राजनीति में बढ़ते महिला नेतृत्व को दर्शाता है। वहीं, फुसरो नगर परिषद में 28 वार्डों के लिए 129 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 67 महिला प्रत्याशी हैं, जबकि अध्यक्ष पद के लिए 9 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

चास नगर निगम में कुल 35 वार्डों के लिए 216 उम्मीदवा चुनाव मैदान में हैं, वहीं, महापौर पद के लिए 31 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जिनमें 04 महिला प्रत्याशी शामिल है। चास नगर निगम में कुल 1,61,922 मतदाता हैं जबकि फुसरो नगर परिषद में कुल 64,782 मतदाता हैं।

डीसी ने बताया कि कई केंद्रों पर समय समाप्त होने के बाद भी कतारें देखी गईं, जहां मतदाताओं को देर शाम तक अपने मताधिकार का प्रयोग करने की सुविधा दी गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा देर शाम तक जारी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। संबंधित मतदान केंद्रों पर सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई।

उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने सुरक्षा इंतजामों की जानकारी देते हुए बताया कि कुल 201 बूथों में से चास में 98, फुसरो में अति संवेदनशील केंद्र थे। अति संवेदनशील बूथों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए पल-पल की निगरानी की गई। महिलाओं और मतदाताओं की सुविधा के लिए ‘आदर्श’ और ‘पर्दानशीन’ मतदान केंद्र भी बनाए गए थे।

मतदान के दौरान एक छिटपुट घटना में चास एसडीपीओ घायल हो गए थे। डीसी ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि उपचार के तुरंत बाद वे वापस ड्यूटी पर लौट आए, जो कर्तव्य के प्रति सर्वोच्च प्रतिबद्धता है। इस घटना में शामिल उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और प्रशासन ने ‘जीरो टोलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

डीसी ने सभी मतदाताओं, चुनाव कर्मियों और पुलिस प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से ही पारदर्शी चुनाव संभव हो सका।

मतदान के बाद मतपेटियों को चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। मतपेटिका संग्रहण के लिए कुल 18 काउंटर बनाए गए हैं।

छिटपुट घटनाओं को छोड़कर बोकारो जिले के दोनों नगर निकायों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। अब सभी की नजरें मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) मो. शफीक आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *