नई दिल्ली :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर वैश्विक पटल पर अपनी लोकप्रियता का लोहा मनवाया है। 26 फरवरी, 2026 को पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन (10 करोड़) फॉलोअर्स का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। इस कीर्तिमान को हासिल करने वाले वे दुनिया के पहले राजनेता बन गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2014 में इंस्टाग्राम पर अपनी पारी शुरू की थी। पिछले 12 वर्षों में उनकी लोकप्रियता का ग्राफ जिस तेजी से बढ़ा है, उसने कई वैश्विक हस्तियों को पीछे छोड़ दिया है। पीएम मोदी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई बड़े वैश्विक नेताओं को फॉलोअर्स के मामले में काफी पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, मोदी के फॉलोअर्स की संख्या कई बड़े वैश्विक नेताओं की तुलना में लगभग दोगुनी है।

इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी की सफलता के पीछे उनकी प्रभावी डिजिटल रणनीति मानी जा रही है। वे इस प्लेटफॉर्म का उपयोग न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए करते हैं, बल्कि अपनी विदेश यात्राओं, स्थानीय कलाकारों से मुलाकात और आम जनता से जुड़ाव की झलकियों के लिए भी करते हैं। आज उनका प्रोफाइल दुनिया के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक प्रोफाइल में शुमार है, जो युवाओं और वैश्विक समुदाय को सीधे संदेश देता है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि पीएम मोदी की लोकप्रियता भौगोलिक सीमाओं को लांघकर डिजिटल जगत में भी सर्वोपरि बनी हुई है। वह न केवल भारत के, बल्कि दुनिया के सबसे ज्यादा ‘फॉलो’ किए जाने वाले सक्रिय जननेता बन गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *