
बोकारो : आगामी होली, रमजान और नगरपालिका चुनाव की मतगणना के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले की शांति भंग करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया है कि आगामी रविवार तक सभी थानों में शांति समिति की बैठकें अनिवार्य रूप से संपन्न कर ली जाएं। इन बैठकों का उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द बढ़ाना है, जहां विभिन्न समुदायों के लोग एक-दूसरे को होली और रमजान की बधाई देकर सद्भाव का परिचय दें।
प्रशासन ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विशेष नजर रखने का फैसला किया है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का आदेश दिया गया है। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली या भ्रामक पोस्ट करने वालों को तुरंत चिह्नित कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका चुनाव की मतगणना को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बिना पूर्व अनुमति के कोई भी विजय जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। इसके लिए एक विशेष ‘स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर’ (SOP) तैयार किया गया है। मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्ती और छापेमारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंबुलेंस, जरूरी दवाएं और डॉक्टरों की ‘ऑन-ड्यूटी’ उपलब्धता अनिवार्य कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें। प्रशासन का लक्ष्य शांतिपूर्ण मतगणना और हर्षोल्लास के साथ त्योहार संपन्न कराना है।