बोकारो/चास : नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के अंतिम और सबसे निर्णायक चरण यानी मतगणना के लिए कृषि उत्पादन बाजार समिति, चास में स्थापित वज्र गृह (Strong Room) का सील शुक्रवार को पूरी निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया और कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत खोला गया।
मतगणना केंद्र पर सील खोलने की प्रक्रिया को अत्यंत पारदर्शी रखा गया ताकि किसी भी प्रकार के संदेह की गुंजाइश न रहे। इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्याम नारायण राम एवं मो. सादात अनवर सहित संबंधित निर्वाची पदाधिकारी, विभिन्न पदों के अभ्यर्थी और उनके अधिकृत चुनावी एजेंट मौजूद थे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वज्र गृह का सील खोलने से पहले सभी उपस्थित अभ्यर्थियों और एजेंटों को संतुष्ट किया गया कि सील पूरी तरह सुरक्षित थी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन किया गया। उपायुक्त ने दोहराया कि मतगणना कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बाजार समिति परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सुदृढ़ रखा गया है। सील खुलने के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना टेबल तक पहुंचाया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि मतगणना हॉल में केवल वैध पास धारकों को ही प्रवेश मिले।