16 गिरफ्तार, भू-राजस्व विभाग के अधिकारी और बिचौलिए शामिल
धनबाद: धनबाद रिंग रोड निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण में हुए मुआवजा घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने धनबाद समेत कई अन्य इलाकों में छापेमारी कर 16 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में भू-राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी और कई बिचौलियों के नाम शामिल हैं। एसीबी की शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई है।
जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने रिंग रोड निर्माण के लिए रैयतों की जमीन अधिग्रहित की थी। नियमानुसार जमीन मालिकों को उचित मुआवजा दिया जाना था, लेकिन फर्जी दस्तावेज और गलत रिकॉर्ड तैयार कर मुआवजे की बड़ी रकम निकाल ली गई ।
जांच में सामने आया है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों में हेराफेरी की गई। कई मामलों में ऐसे लोगों के नाम पर मुआवजा उठा लिया गया, जिनका जमीन से कोई संबंध नहीं था। इस पूरे खेल में बिचौलियों की अहम भूमिका बताई जा रही है।
यह मामला पहली बार वर्ष 2014 में सामने आया था। इसके बाद राज्य सरकार ने पहले निगरानी ब्यूरो और फिर एसीबी को इसकी जांच सौंपी थी। प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उदयकांत पाठक, लाल मोहन नायक समेत कई अधिकारियों को निलंबित किया गया था।
ACB की कार्रवाई अभी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दायरे में और भी नाम सामने आ सकते हैं और आने वाले दिनों में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ सकती है। ACB सूत्रों के अनुसार फिलहाल इस घोटाले की अनुमानित राशि करीब 300 करोड़ रुपये है। जांच एजेंसी को आशंका है कि आगे की जांच में घोटाले की रकम और भी बढ़ सकती है।