चास मुफस्सिल थाना की कार्रवाई, 4 गिरफ्तार
पुलिस पर हमला, थाना प्रभारी सहित दो जवान हुए थे घायल
बोकारो : चास के पुपुनकी आश्रम रोड पर विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान पुलिस पर उग्र भीड़ द्वारा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। उल्लेखनीय है कि 28 दिसंबर के दिन ढाई बजे दिन में जब थाना प्रभारी प्रकाश मंडल सशस्त्र बल के साथ दिवा गश्ती एवं आसूचना संकलन में थे। इसी दौरान सूचना मिली कि पुपुनकी आश्रम जाने वाली सड़क के किनारे कुछ लोग खुलेआम शराब एवं ताड़ी का सेवन कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन हेतु जब थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तो पाया कि करीब 40–50 महिला-पुरुष लाठी-डंडा से लैस होकर सड़क जाम कर रहे थे। पुलिस ने उन्हे समझाने का प्रयास किया लेकिन असामाजिक तत्वों ने बदले की भावना से आश्रम आने-जाने वाले वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा समझाने के प्रयास पर भीड़ उग्र हो गई और थाना प्रभारी सहित पुलिस बल पर लाठी, डंडा एवं ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के हथियार छिनने का भी प्रयास किया गया तथा सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना में चास (मु.) थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रकाश मंडल एवं जाप बल के जवान अशोक राम घायल हो गए।
थाना प्रभारी प्रकाश मंडल द्वारा दर्ज स्वविवरण के अनुसार, हमले में थाना प्रभारी प्रकाश मंडल एवं जैप जवान अशोक राम को सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, वहीं अशोक राम का चेहरा बुरी तरह सूज गया। घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
गिरफ्तार होने वालों में शिव लाल केवट, लक्ष्मण केवट, रंजीत केवट और मंटू गोप शामिल हैं। पुलिस ने घटनास्थल से उपद्रव में प्रयुक्त 11 लाठी-डंडा एवं 15 ईंट-पत्थर भी जब्त किए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।
इस मामले में पुपुनकी गांव के कुल 9 नामजद एवं 40–50 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।