jharkhand-politics-bjp-election

रांची : झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए राज्यसभा सांसद आदित्य साहू का निर्विरोध चुना जाना तय है। मंगलवार को हुए नामांकन में वह इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार रहे। झारखंड भाजपा के चुनाव पदाधिकारी और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल आदित्य साहू का ही नामांकन प्राप्त हुआ है। इसके अलावा राज्य से राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए कुल 21 नामांकन दाखिल किये गये हैं। 

3 अक्तूबर को भाजपा ने आदित्य साहू को झारखंड इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। अब उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है। वर्तमान में बाबूलाल मरांडी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी। श्री साहू श्री मरांडी की जगह लेंगे।  

जुएल ओराम ने कहा कि तमाम चुनावी प्रक्रियाएं पूरा होने के बाद बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। पार्टी की ओर से सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के तहत पूरी की जा रही हैं। 

राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाले नेताओं में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा और चंपई सोरेन, सांसद संजय सेठ, करिया मुंडा और दीपक प्रकाश के साथ केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *