जिले के 27 पंचायतों के कुल 35 गांवों में 15 जनवरी 2026 से शुरू होगा जल सेवा मूल्यांकन कार्य
बोकारो : मंगलवार को गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित जल सेवा मूल्यांकन की समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में कार्यपालक अभियंता राम प्रवेश राम, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, यूनिसेफ टीम के प्रतिनिधि, दोनों प्रमंडलों के ब्लॉक वॉश कोऑर्डिनेटर आदि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त ऑनलाइन माध्यम से उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
कार्यपालक अभियंता द्वारा पीपीटी के माध्यम से अधिकारियों को जल सेवा मूल्यांकन की प्रक्रिया, उद्देश्य एवं अपेक्षित परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कम से कम एक पंचायत के ग्राम सभा में अवश्य हिस्सा लें ताकि जल आपूर्ति, गुणवत्ता एवं सेवा स्तर में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल कनेक्शन देना नहीं, बल्कि सतत एवं गुणवत्तापूर्ण जल सेवा सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के अन्य अधिकारी भी किसी न किसी कार्यक्रम के अंतर्गत जल जीवन मिशन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लें, जिससे मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति समयबद्ध तरीके से हो सके।
बैठक में जानकारी दी गई कि बोकारो जिले में दिसंबर 2024 तक रिपोर्ट की गई 27 पंचायतों के कुल 35 गांवों में जल सेवा मूल्यांकन किया जाना है। इसके लिए सर्वेक्षण की तिथि 15 जनवरी 2026 से निर्धारित की गई है। सर्वेक्षण कार्य को गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त द्वारा पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया कि सर्वेक्षण से संबंधित सभी रिपोर्टिंग ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के माध्यम से समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर की गई रिपोर्टिंग के आधार पर ही आगे की योजना एवं सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।