नामी ब्रांड्स के नाम पर बन रही अवैध शराब, भारी मात्र में स्पिरिट, 2250 जाली बारकोड और सीलिंग मशीन बरामद
बोकारो : बोकारो के कथारा क्षेत्र में अवैध और नकली शराब के काले कारोबार पर पुलिस ने तगड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत कथारा ओपी पुलिस ने एक टाटा मैजिक को जब्त किया है, जिसमें ब्रांडेड बोतलों में नकली शराब भरकर बाजार में खपाने की बड़ी साजिश रची जा रही थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब की एक बड़ी खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है। 20 फरवरी 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे कथारा बस्ती मिडिल स्कूल के पास गश्ती दल ने जब वाहन संख्या JH01CX-7876 को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। सशस्त्र बल ने घेराबंदी कर वाहन को तो पकड़ लिया, लेकिन घने अंधेरे और झाड़ियों का लाभ उठाकर चालक और उसका सहयोगी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस के भी होश उड़ गए। वहां न केवल बनी हुई शराब थी, बल्कि एक पूरी ‘मिनी फैक्ट्री’ संचालित हो रही थी। किंग्स गोल्ड, रॉयल गोल्ड कप, आइकॉनिक, मैकडॉवेल्स और बी-7 जैसे महंगे ब्रांड्स के लेबल लगी भारी मात्रा में बोतलें बरामद हुईं।
मौके से 35 लीटर स्पिरिट, 20 लीटर तैयार खुली शराब, बोतल सील करने वाली मशीन, विभिन्न ब्रांड्स के सैकड़ों ढक्कन और 2250 जाली बारकोड जब्त किए गए। अपराधी स्पिरिट में मिलावट कर उसे ब्रांडेड बोतलों में भरते थे और जाली स्टीकर व बारकोड लगाकर उसे असली के दाम पर बेचते थे।
पुलिस ने इस मामले में कड़ी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। गोमिया (कथारा ओपी) थाना में बीएनएस-2023 की सुसंगत धाराओं और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी राजेश प्रजापति के नेतृत्व में रवि कुमार चौरसिया, कृष्णानंद पाठक और अन्य आरक्षियों की टीम फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।