बोकारो : कसमार प्रखंड के मधुकरपुर में शनिवार को जिला स्तरीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। झारखंड सरकार के माननीय मंत्री (पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग) योगेन्द्र प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों से हजारों की संख्या में प्रगतिशील किसान शामिल हुए।
मुख्य अतिथि श्री योगेन्द्र प्रसाद ने अपने संबोधन में किसानों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसान राज्य की अर्थव्यवस्था के आधार हैं। उन्होंने तकनीकी खेती पर जोर देते हुए कहा कि केवल परंपरागत खेती के भरोसे न रहकर वैज्ञानिक तरीकों, उन्नत बीजों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाना जरूरी है। कम लागत में अधिक मुनाफे के लिए किसानों को सब्जी उत्पादन, बागवानी, पशुपालन और मिश्रित खेतीकी ओर बढ़ना चाहिए। मंत्री महोदय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बीज, उर्वरक या सिंचाई से संबंधित किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
मेले में लगाए गए 30 स्टॉलों के माध्यम से किसानों को बीज, खाद और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी के दौरान किसानों द्वारा लाए गए उत्पादों ने सबका ध्यान खींचा जिसमें 18 किलोग्राम वजन का कद्दू , 17 किलोग्राम वजन का ओल और एक ही पौधे में 16 किलोग्राम टमाटर आकर्षण का विशेष केंद्र रहा।
इस मौके पर खेती के क्षेत्र में नवाचार और कड़ी मेहनत करने वाले किसानों को मंच पर सम्मानित किया गया जिसमें 75 किसानों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी के पुरस्कार दिए गए जबकि 50 किसानों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
जिला कृषि पदाधिकारी मो. शाहिद ने मंत्री महोदय का स्वागत किया और विभाग द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया। मेले के सफल आयोजन में एटीएम, बीटीएम और कृषक मित्रों की अहम भूमिका रही। मंच का संचालन बीटीएम बबलू सिंह ने किया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि, कसमार प्रखंड प्रमुख, मधुकरपुर पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, प्रखंड विकास पदाधिकारी कसमार, अंचलाधिकारी कसमार, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा बोकारो, गव्य विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।