गोल्ड हाउस दुकानदार से 1 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में 2 अपराधी गिरफ्तार

मेदिनीनगर/पलामू :  शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचमुहान चौक के पास स्थित गोल्ड हाउस दुकान के मालिक रंजीत कुमार सोनी से गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में पुलिस ने 2 अपराधियों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गैंगस्टर प्रिंस खान ने फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से दुकानदार से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की थी। इस संबंध में पीड़ित दुकानदार द्वारा शहर थाना में लिखित आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर शहर थाना कांड संख्या 553/2025, दिनांक 21.12.2025 दर्ज किया गया।

मामले के उद्भेदन हेतु पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसी क्रम में दिनांक 25.12.2025 को गुप्त सूचना के आधार पर नगर निगम के निर्माणाधीन भवन, कांग्रेस भवन के समीप छापामारी की गई, जहां से दो अपराधियों को हथियार एवं गोली के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में गैंगस्टर प्रिंस खान से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क में रहने की बात स्वीकार की है। उन्होंने यह भी बताया कि सोना दुकान के आसपास दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग करने के लिए प्रिंस खान द्वारा 22.12.2025 को मो. नाजीम के खाते में 24,000 रुपये भेजे थे। दोनों अभियुक्त सोना दुकान के पास फायरिंग की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इसके अलावा अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि घटना को अंजाम देने के बाद चतरा जिले के हंटरगंज क्षेत्र में भी कुछ स्थानीय लोगों के साथ मिलकर दहशत फैलाने की योजना थी, जिसके लिए गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा उन्हें निर्देश दिए गए थे। अभियुक्तों के पास से बरामद आग्नेयास्त्र और गोली के संबंध में शहर थाना कांड संख्या 557/2025, धारा 111(बी) बीएनएस एवं 25(1-बी/ए)/25/6/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त मो. नाजीम, उम्र 25 वर्ष, पिता स्व. मो. हकीमुद्दीन, निवासी पहाड़ी मोहल्ला, थाना शहर, जिला पलामू एवं मुर्तजा अंसारी, उम्र 28 वर्ष, पिता मो. इस्लाम अंसारी, निवासी पहाड़ी मोहल्ला, थाना शहर, जिला पलामू का रहने वाला है।
पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *