जमशेदपुर : गत दिनों जमशेदपुर में उद्योगपति के बेटे के अपहरण कांड में पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से कैराव गांधी को छुड़ा लिया था। लेकिन उस कांड से जुड़े बिहार के अपराधियों के साथ गुरुवार को पुलिस की मुठभेड़ हुई। बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे इस मुठभेड़ में बाल-बाल बचे। बदमाश कॉन्स्टेबल की कार्बाइन छीनकर फायरिंग करने लगे थे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधियों के पैर में गोली मारी जिससे वे भागने में असफल रहे।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि तीनों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल अपराधियों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। तीनों बिहार के गया और नालंदा जिले के रहने वाले हैं।