बोकारो : आज 16 जनवरी को सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद के आदेशानुसार +2 उच्च विद्यालय चन्दनकियारी एवं मध्य विद्यालय चन्दनकियारी बोकारो में तम्बाकू के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करने हेतु सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को तम्बाकू से होने वाले जनित रोगों से अवगत कराया गया। साथ ही सभी को तम्बाकू छोड़ने हेतु परामर्शी सेवा के साथ साथ तम्बाकू नशा मुक्ति केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराया गया।
जिला परामर्शी मो असलम द्वारा बताया गया कि भारत में मुंह का कैंसर एक बढता हुआ गम्भीर समस्या है जो मौत का कारण बनता है। झारखंड में कुल आबादी का लगभग 38.9 प्रतिशत लोग तम्बाकू किसी न किसी रूप में लेते हैं जिसमें 59.7 प्रतिशत पुरूष है और 17 प्रतिशत महिलायें है। 59.7 प्रतिशत पुरूष में 26 प्रतिशत लोग झारखण्ड में सिर्फ और सिर्फ खैनी का सेवन करते हैं जो कि मुंह के कैंसर का एक मुख्य कारण होते है।
जिला नोडल पदाधिकारी एन0सी0डी0 डॉ सुधा सिंह ने बताया कि मुंह के कैंसर का इलाज सम्भव है यदि जल्द उपचार किया जाए। यदि किसी भी व्यक्ति के मुंह में लगातार दर्द होना, मुंह के घाव जो ठीक नही हो रहा हो, मुंह में घाव होने पर अनायास ही खून बहना, मखमली, सफेद, लाल असामान्य धब्बे, मुंह में स्पष्ट रक्तस्राव और मुंह के अन्दर होंठों पर या अन्य जगहों पर कठोर, उभरा हुआ घाव, पपडी आदि दिखाई देना जैसे लक्षण दिखाई देते हों, तो उन्हें तुरन्त किसी भी डेन्टल डाक्टर को दिखाना जरूरी है।
कार्यक्रम में स्कूल के प्रभारी प्राचार्य चन्दनकियारी प्रशान्त कुमार, मध्य विद्यालय प्राचार्य बसन्त कुमार एवं स्वास्थ्य विभाग के सोशल वर्कर छोटेलाल दास, विद्यालय के शिक्षक सुकान्त कुमार, रेनू कुमारी व बच्चे उपस्थित थे।