डीसी का औचक निरीक्षण : ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले 4 शिक्षकों पर गिरी गाज

बोकारो : बोकारो में जारी मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में है। शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने औचक निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र में अव्यवस्था पाए जाने पर न केवल नाराजगी जताई, बल्कि ड्यूटी में लापरवाह कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई भी की।

उपायुक्त और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने नावाडीह स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय, कंजकिरो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा संचालन में कई खामियां उजागर हुईं।

कमरा संख्या 05 और 07 में निगरानी व्यवस्था लचर मिलने पर वीक्षक काशी महतो, भीमलाल प्रजापति, सुरेंद्र कुमार महतो और बुटेश्वर तुरी को तत्काल प्रभाव से परीक्षा ड्यूटी से हटा दिया गया है। उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

निरीक्षण के दौरान यह गंभीर चूक सामने आई कि तीन कमरों में सीसीटीवी कैमरे ही नहीं लगाए गए थे।

नियमों की अनदेखी और सीसीटीवी व्यवस्था में लापरवाही को लेकर उपायुक्त ने केंद्राधीक्षक मो.शरीफ के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। डीसी ने केंद्राधीक्षक को नोटिस जारी कर पूछा है कि बिना पूरी तैयारी के परीक्षा कैसे संचालित की जा रही थी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को एक सुरक्षित और अनुशासित वातावरण देना अनिवार्य है, इसमें कोई समझौता नहीं होगा।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने उपस्थिति और अनुपस्थिति के आंकड़ों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्तहोनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *