bokaro news- wine- custom department -

अवैध विदेशी शराब व विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर बरामद

बोकारो : अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिले भर में लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त उत्पाद, बोकारो के निर्देशानुसार प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने पेटरवार थाना क्षेत्र के मायापुर गांव में छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान एक मकान से भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई।

इस मामले में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। उत्पाद विभाग द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।

छापामारी के क्रम में विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब कुल 40.125 लीटर,  भारी मात्रा में नकली ई.ए.एल. (Excise Adhesive Label) तथा विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर एवं ढक्कन जब्त किए गए। बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि अवैध शराब के निर्माण अथवा पैकेजिंग से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

छापामारी दल में सन्नी विवेक तिर्की, अवर निरीक्षक उत्पाद सदर-सह-तेनुघाट, महेश दास, अवर निरीक्षक उत्पाद चंद्रपुरा-सह-बेरमो अंचल सहित अधीनस्थ उत्पाद बल के जवान शामिल थे। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई सख्ती से जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *