बोकारो: बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर–5 स्थित जी.जी.पी.एस. विद्यालय परिसर में 27 से 29 दिसंबर 2025 तक प्रथम दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्मृति ट्रॉफी – महिला राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025 का आयोजन किया जा रहा है।प्रशासन बोकारो एवं झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा  आयोजित प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

देश के विभिन्न राज्यों से महिला ताइक्वांडो खिलाड़ियों की टीमें बोकारो पहुंच चुकी हैं। अब तक 18 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की टीमों ने पहुंचने की सूचना दी है। इनमें झारखंड, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुंदुचेरी, असम, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा एवं पंजाब शामिल हैं। टीमों के आगमन से बोकारो में खेलों को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है।

प्रतियोगिता की गरिमा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी रेफरी भी बोकारो पहुंच चुके हैं। इनमें  संतोष श्रीरंगम (आंध्र प्रदेश),  इमरादुल हक (असम) तथा  मनोज कुमार सिंह (बिहार) शामिल हैं, जो प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।

यह राष्ट्रीय स्तर की महिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता देशभर की प्रतिभावान महिला खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करेगी तथा महिला खेलों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, आयोजक समिति, तकनीकी अधिकारी, रेफरी के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

उपायुक्त  अजय नाथ झा के निर्देशानुसार जिला खेल पदाधिकारी श्रीमती हेमलता बुन ने शुक्रवार शाम तैयारियों का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *