
बोकारो : इस्पातनगरी में आतंक का पर्याय बने अंतर-जिला चोर गिरोह की कमर तोड़ते हुए बोकारो पुलिस ने दो और शातिर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। एसपी हरविंदर सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने रिमांड पर लिए गए गिरोह के सरगना की निशानदेही पर चंद्रपुरा में छापेमारी कर इस पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई में साहिल कुमार उर्फ पुग्गा और राजबीर कुमार (दोनों निवासी: स्वीपर कॉलोनी, चंद्रपुरा) को दर दबोचा गया। इनके पास से कीमती सोने का हार और सोने के झुमके, सोने का मांगटीका और तीन जोड़ी चांदी के पायल, चोरी का एक लैपटॉप और ₹28,500 नकद बरामद किये गए।
शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों को देखते हुए पुलिस ने जेल में बंद सरगना बबलू राम उर्फ भाटिया और उसके साथी नीरज नायक को रिमांड पर लिया था। कड़ी पूछताछ में बबलू ने कबूला कि चोरी का सामान नीरज नायक को ठिकाने लगाने के लिए दिया जाता था और गिरोह के सक्रिय सदस्य चंद्रपुरा में छिपे हैं।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि सरगना बबलू राम का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई थानों के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
यह गिरोह दिन के समय बोकारो के पॉश इलाकों में बंद घरों की पहचान करता था। रात के अंधेरे में गिरोह के सदस्य ताले तोड़कर जेवर और नकदी पर हाथ साफ करते थे। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद अपराधी चंद्रपुरा भाग जाते थे ताकि स्थानीय पुलिस की पकड़ से दूर रहें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी ने शहरवासियों को आश्वस्त किया कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इस कार्रवाई से शहर में चोरी की घटनाओं में बड़ी कमी आने की उम्मीद है।