
8 मार्च तक बोकारो को बनाना है ‘सुपर जिला’; डीडीसी
बोकारो : बोकारो में विकास की गति को तेज करने और विकास की दौड़ में पिछड़ चुके इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का बिगुल फूंक दिया है। नीति आयोग के तत्वावधान में शुरू हुए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल आंकड़ों में सुधार करना नहीं, बल्कि उग्रवाद और पिछड़ेपन का जड़ से खात्मा करना है।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला परिषद परिसर में अभियान की लॉन्चिंग के दौरान कड़ा संदेश दिया। डीसी ने स्पष्ट किया कि विकास की पहुंच जब अंतिम व्यक्ति तक होगी, तभी उग्रवाद और पिछड़ेपन जैसी समस्याओं को समूल नष्ट किया जा सकेगा। अभियान का आधिकारिक समय 14 अप्रैल तक है, लेकिन बोकारो प्रशासन ने 8 मार्च 2026 तक ही सभी मानकों को पूरा करने का कड़ा लक्ष्य रखा है।
योजनाओं के क्रियान्वयन में पुलिस प्रशासन को भी शामिल किया जाएगा ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में विश्वास का माहौल बने।
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने विभागीय सुस्ती को दरकिनार करते हुए सख्त निर्देश दिए हैं। सभी विभागों को अगले तीन दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन प्लान सौंपने को कहा गया है। सभी लक्ष्य ‘मापनीय’ होने चाहिए ताकि अभियान की प्रगति को पारदर्शी तरीके से ट्रैक किया जा सके। जिले के वरीय अधिकारियों और कर्मियों को ब्लॉक व जिला स्तर पर सभी मानकों को शत-प्रतिशत पूरा करने की शपथ दिलाई गई।
संपूर्णता अभियान के तहत जिले के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और कृषि जैसे बुनियादी मानकों को संतृप्त करने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी और समाज कल्याण विभाग सहित सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में ‘जीरो गैप’ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।