नई दिल्ली : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के नेतृत्व में एक बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। वर्तमान सीएमडी अमरेंदु प्रकाश के इस्तीफे की खबरों के बीच नए अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो चुकी है।

पब्लिक एंटरप्राइजेज सिलेक्शन बोर्ड (PESB) ने नए सीएमडी पद के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। हालांकि अमरेंदु प्रकाश ने आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन PESB के दस्तावेज़ों के अनुसार 2 अप्रैल 2026 से पद को रिक्त दिखाया गया है। अमरेंदु प्रकाश वर्तमान में तीन महीने के नोटिस पीरियड पर हैं और वे मार्च 2026 तक कार्यरत रहेंगे। बोर्ड ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 फरवरी 2026 तय की है।

1991 में बोकारो स्टील प्लांट से करियर शुरू करने वाले अमरेंदु प्रकाश की पहचान एक सख्त और नियमबद्ध अधिकारी के रूप में रही है। वे पैरवी और सिफारिश के सख्त खिलाफ रहे। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया था कि कार्यक्षमता ही प्राथमिकता होगी। कहा जाता है कि मंत्रालय, IAS और बड़े राजनीतिक संगठनों की सिफारिशों के बावजूद उन्होंने नियमों के विरुद्ध जाकर किसी कर्मचारी को राहत नहीं दी। पैरवी को महत्व न देने के कारण ट्रेड यूनियन नेताओं और कुछ प्रभावशाली वर्गों के साथ उनके संबंध सहज नहीं रहे।

PESB ने इस महारत्न कंपनी के शीर्ष पद के लिए कुछ अनिवार्य शर्तें रखी हैं जिसमें न्यूनतम 45 वर्ष और अधिकतम सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष। साथ ही अनुभव के लिए कहा गया है कि  केंद्र/राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारी या निजी क्षेत्र के ऐसे अधिकारी जिनकी कंपनी का टर्नओवर 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो आवेदन दे सकते हैं। नोडल अधिकारियों के माध्यम से आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 9 मार्च 2026 है।

सेल के गलियारों में नए नेतृत्व को लेकर चर्चा गर्म है।  चर्चा है कि कर्नाटक कैडर के एक वरिष्ठ IAS अधिकारी को सेल का नया सीएमडी बनाया जा सकता है। इस्पात मंत्रालय स्तर पर इसकी कवायद चल रही है। लेकिन अंतिम मुहर पीएमओ स्तर से ही लगेगी। इससे पहले भी अरविंद पांडेय जैसे प्रशासनिक अधिकारी सेल की कमान संभाल चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *