नई दिल्ली :  वैश्विक मीडिया जगत के प्रतिष्ठित अखबार ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ से एक बड़ी खबर सामने आई है। संस्थान ने बुधवार को अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव की घोषणा की है, जिसके परिणामस्वरूप भारी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी की गई है। इस फैसले ने अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता और खेल जगत की रिपोर्टिंग को गहरे संकट में डाल दिया है।

वॉशिंगटन पोस्ट का यह पुनर्गठन विशेष रूप से दो विभागों के लिए ‘ब्लैक वेडनेसडे’ साबित हुआ है। इस छंटनी में इंटरनेशनल डेस्क और स्पोर्ट्स डेस्क पर सबसे ज्यादा गाज गिरी है। इसमें  अंतरराष्ट्रीय संवाददाताओं की संख्या में भारी कटौती की गई है। कंपनी ने अपने मौजूदा स्पोर्ट्स डेस्क को पूरी तरहबंद करने का चौंकाने वाला फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, संस्थान का लगभग एक-तिहाई हिस्सा इस छंटनी की चपेट में आया है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के पुत्र और वरिष्ठ पत्रकार ईशान थरूर भी इस छंटनी के शिकार हुए हैं। वॉशिंगटन पोस्ट के साथ अपने 12 साल के सफर के खत्म होने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर खाली न्यूज़ रूम की एक तस्वीर साझा की और इसे “बुरा दिन” बताया। उन्होंने बताया कि “साल 2017 से ‘वर्ल्डव्यू’ कॉलम के जरिए दुनिया भर के पाठकों से जुड़ना मेरे लिए गर्व की बात थी।”

ईशान थरूर के अलावा कई अन्य अंतरराष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों को भी पदमुक्त कर दिया गया है, जिनमें यरुशलम ब्यूरो चीफ गेरी शिह, खोजी पत्रकार विल हॉब्सन  आदि शामिल हैं। इसके साथ ही दिल्ली, बीजिंग, कीव और लैटिन अमेरिका में तैनात कई वरिष्ठ संवाददाताओं की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं

द वॉशिंगटन पोस्ट अंग्रेजी में वॉशिंगटन डी सी का सबसे बड़ा और अभी-तक विद्यमान सबसे पुराना दैनिक समाचार पत्र है। अंग्रेजी भाषा के इस पत्र की स्थापना सन् 1877 में संयुक्त राज्य अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डी॰ सी॰ में हुई थी। द वॉशिंगटन पोस्ट का राष्ट्रीय राजनीति पर एक विशेष महत्त्व है। डीसी, मेरईलैंड और वर्जीनिया के संस्करण दैनिक मुद्रित होते हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *