तिरुवनंतपुरम : पिछले कुछ दिनों से चल रही राजनीतिक चर्चाओं और अटकलों के बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने अपनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के बाद, थरूर ने उन सभी खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें उनके पार्टी छोड़ने की बात कही जा रही थी।
थरूर ने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस के प्रति अपनी वफादारी दोहराई और कहा, “मैं कांग्रेस में हूँ और कहीं नहीं जा रहा हूँ।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आगामी केरल विधानसभा चुनावों में UDF(यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे और प्रचार अभियान का मुख्य चेहरा रहेंगे।
राहुल गांधी की सराहना करते हुए थरूर ने कहा कि वे एक स्पष्ट राजनीतिक दृष्टिकोण वाले नेता हैं, जो सांप्रदायिकता के खिलाफ मजबूती से खड़े रहते हैं।
उन्होंने माना कि हालांकि पार्टी का रुख सर्वोपरि है, लेकिन वह समय-समय पर अपने व्यक्तिगत विचार भी रखते रहेंगे।
इस स्पष्टीकरण के साथ ही उन कयासों पर पूर्ण विराम लग गया है जिनमें थरूर के किसी अन्य दल का दामन थामने की चर्चा थी। केरल की राजनीति में उनकी सक्रियता कांग्रेस के लिए एक मजबूत संकेत है।