बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान मतलब विवाद ही विवाद। इस बार विवाद की वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि उनकी आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स है। दरअसल, केकेआर ने हाल ही में हुई आईपीएल की निलामी में एक बांग्लादेशी क्रिकेटर को करोड़ों की कीमत पर खरीदा है। इसके बाद से ही शाहरुख और केकेआर सनातन गुरुओं और उनके भक्तों के निशाने पर हैं।
कथावाचक जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने शाहरुख खान पर बांग्लादेशी क्रिकेटर को अपनी आईपीएल टीम में शामिल किए जाने पर निशाना साधा है। रामभद्राचार्य से जब शाहरुख को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल में खिलाने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कथावचक ने आगे कहा, ‘शाहरुख खान कोई हीरो नहीं हैं। उसका कोई चरित्र नहीं है। इसमें कोई नई बात नहीं है। उसके सारे काम एक गद्दार जैसे रहे हैं। उसके सारे कृत्य हमेशा से देश विरोधी रहे हैं।’
इससे पहले कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने भी शाहरुख खान पर इसको लेकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि, ‘हमने कहा था बांग्लादेश का कोई क्रिकेटर हिंदुस्तान नहीं आना चाहिए। एक बांग्लादेशी क्रिकेटर को आईपीएल में खरीदा गया है। हमने सुना है उसका प्रेम पाकिस्तान से बहुत है। आज यहां से हम कहना चाहते हैं कि अगर तुम्हें भारत से प्रेम है, 6 साल की बच्ची को जलाए जाने का दुख तुम्हें भी है तो मिस्टर केकेआर उस बांग्लादेशी प्लेयर को बाहर करो।
अगर वो तुम्हारी टीम में रहा तो हम मजबूर हो जाएंगे टीम का बहिष्कार करने पर। मिस्टर केकेआर भूलना मत इन्हीं हिंदुस्तानियों ने तुम्हें हीरो बनाया है और जो हीरो बना सकता है वो जीरो भी बना सकता है।
यह पूरा विवाद बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर में शामिल किए जाने को लेकर है। 9 करोड़ 20 लाख में खरीदा गया है वो बांग्लादेशी और वो पैसा कहां जाएगा और उसका प्रयोग कहां होगा। तमाम हिंदू मारे जाएंगे और वो पैसा दे कौन रहा है हिंदुस्तान में खुद को हीरो कहने वाला।’
इससे पहले मध्य प्रदेश के उज्जैन में धार्मिक नेताओं ने भी धमकी दी थी कि अगर बांग्लादेशी क्रिकेटर को आईपीएल में खेलने की अनुमति दी गई तो वे कार्रवाई करेंगे। धार्मिक नेताओं ने मुस्तफिजुर रहमान के साथ-साथ केकेआर के सह-मालिक शाहरुख खान को भी टारगेट किया और उन्हें भी धमकी दी।
इन विवादों के बाद भी शाहरुख खान की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है और न ही उसने इस पर कुछ बोलना ही उचित समझा है।
उधर मेरठ में पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम ने भी कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम किया जा रहा है। बहन-बेटियों के साथ सरेआम रेप हो रहे हैं, लेकिन भारत में बैठे कुछ लोग बांग्लादेश के क्रिकेटरों को खरीद रहे। शाहरुख खान जैसे गद्दार ने बांग्लादेश के क्रिकेटर रहमान को साढ़े 9 करोड़ रुपए में खरीदा है।