युवक की हरकत पर भड़के ग्रामीण, जमकर हुई धुनाई, बाइक फूंकने की भी हुई कोशिश
बोकारो : बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से एक बेहद अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सियारदाह जरुआटांड़ स्थित शिव मंदिर में पूजा करने आई एक नाबालिग छात्रा के साथ एक सिरफिरे युवक ने ऐसी हरकत की, जिससे वहां मौजूद भीड़ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
रविवार को एक नाबालिग छात्रा अपनी सहेलियों के साथ शिव मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी। पूजा संपन्न करने के बाद वह मंदिर के बाहर अपनी सहेलियों का इंतजार कर रही थी, तभी यह वारदात हुई। धनबाद के कतरास का रहने वाला आरोपी युवक पहले से ही वहां घात लगाकर बैठा था। वह छात्रा के पास पहुंचा और बातों में उलझाने लगा। अचानक उसने अपनी जेब से सिंदूर निकाला और जबरन छात्रा की मांग भर दी। सरेआम हुई इस अप्रत्याशित हरकत से छात्रा और उसकी सहेलियां सन्न रह गईं, जबकि आसपास मौजूद लोग और परिजन आक्रोशित हो उठे।
युवक की इस हिमाकत को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गुस्से से आगबबूला भीड़ ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई कर दी। उग्र लोगों ने मंदिर परिसर में खड़ी युवक की बाइक में भी आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों की समझदारी से आग को समय रहते बुझा लिया गया और बाइक पूरी तरह जलने से बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और उसे थाने ले गई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवक का उद्देश्य क्या था और क्या वह पहले से छात्रा का पीछा कर रहा था। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।