चाईबासा/पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड की माटी और यहां के शूरवीरों के बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने आज पश्चिमी सिंहभूम के सेरेंगसिया में अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। टोटो प्रखंड में आयोजित ‘शहीदों को नमन-सह-परियोजना शिलान्यास एवं उद्घाटन समारोह’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार शहीदों के सपनों के अनुरूप झारखंड का नवनिर्माण कर रही है।
मुख्यमंत्री ने वीर शहीद पोटो हो और अन्य क्रांतिकारियों के स्मारक पर शीश नवाकर उन्हें नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब देश में आजादी का बिगुल भी नहीं बजा था, तब यहां के आदिवासियों ने अपनी जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजों से लोहा लिया था। कोल्हान का कोल विद्रोह और भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर जैसे वीरों की गाथाएं आज भी हमारी रगों में जोश भरती हैं। शहीदों का सम्मान हमारी परंपरा है और हम इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की कार्यशैली पर जोर देते हुए कहा कि आज झारखंड विकास की नई परिभाषा लिख रहा है। अब योजनाएं फाइलों में बंद नहीं रहतीं, बल्कि सीधे गांवों तक पहुंच रही हैं। ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है, जिससे प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम हुई है।
श्री सोरेन ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को हर हाल में पढ़ाएं। उन्होंने सरकार की शिक्षा नीतियों का उल्लेख किया। मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सरकार मुफ्त कोचिंग दे रही है। प्रतिभावान बच्चों को विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए 100% स्कॉलरशिप प्रदान की जा रही है।सरकारी बच्चों को निजी स्कूलों जैसी उत्कृष्ट शिक्षा देने के लिए ‘स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ का संचालन किया जा रहा है।

महिलाओं को सशक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को सालाना 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता देकर हम उन्हें आत्मनिर्भर बना रहे हैं।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 398 करोड़ रुपये से अधिक की 197 विकास योजनाओं की सौगात दी। 224.78 करोड़ रुपये की लागत वाली 122 नई योजनाओं की नींव रखी गई। 173.40 करोड़ रुपये की 75 पूर्ण हो चुकी योजनाओं का लोकार्पण हुआ। 3.77 लाख से अधिक लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां बांटी गईं। साथ ही 1,479 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उन्हें सरकारी सेवा से जोड़ा गया। मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम रहा, बल्कि पश्चिमी सिंहभूम के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ।
इस मौके पर मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद श्रीमती जोबा मांझी, विधायक निरल पूर्ति, विधायक दशरथ गागरई, विधायक सुखराम उरांव, विधायक सोनाराम सिंकू, विधायक श्रीमती सविता महतो, विधायक समीर मोहंती, विधायक संजीव सरदार, विधायक जगत मांझी, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री लक्ष्मी सुरीन, पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा तथा जिले के उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु मौजूद रहे।